मुंबई: खेल के मैदान में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने और लैंगिक समानता की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुंबई की 150 साल से अधिक पुरानी शैक्षणिक संस्था अंजुमन-ए-इस्लाम ने अपनी महिला क्रिकेट टीम का गठन किया है। संस्था के इतिहास में यह पहली बार है जब यहां की छात्राओं के लिए महिला क्रिकेट टीम बनाई गई है।
हाल ही में अंजुमन-ए-इस्लाम की ओर से आयोजित टी-20 इंटर-कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर डायना एडुल्जी ने छात्राओं का हौसला बढ़ाया। यह प्रतियोगिता संस्था के पूर्व छात्र और मशहूर क्रिकेटर सलीम दुर्रानी के नाम पर आयोजित की गई है। छात्राओं को क्रिकेट खेलते देखकर एडुल्जी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद जताई।
गौरतलब है कि अंजुमन-ए-इस्लाम का क्रिकेट से पुराना और गौरवशाली रिश्ता रहा है। इस संस्था ने भारतीय क्रिकेट को सलीम दुर्रानी, वसीम जाफर, गुलाम पार्कर और यशस्वी जायसवाल जैसे कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। ऐसे में संस्था द्वारा महिला क्रिकेट टीम का गठन खेल के क्षेत्र में लड़कियों को बराबरी का अवसर देने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
अंजुमन-ए-इस्लाम के स्कूलों की प्रधानाचार्य फौजिया अंसारी के मुताबिक, शुरुआत में कई अभिभावक अपनी बेटियों को क्रिकेट खेलने की इजाजत देने में हिचकिचाते थे, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। आज अभिभावक खुद अपनी बेटियों का नाम क्रिकेट टीम में शामिल कराने के लिए आगे आ रहे हैं।
इस पहल से जुड़ी छात्रा सेहर खोखरा भी चर्चा में रही हैं। वह उन बच्चों में शामिल थीं, जिन्होंने 16 नवंबर को प्रिंस विलियम, प्रिंसेस केट और महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेला था।
अंजुमन-ए-इस्लाम के वाशी स्कूल की प्रिंसिपल जुलेखा सिद्दीकी ने कहा कि संस्था की क्रिकेट में एक मजबूत विरासत रही है। यहां से भारतीय और रणजी स्तर के कई क्रिकेटर निकले हैं। उन्होंने बताया कि संस्था ने हाल ही में मुंबई स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन (MSSA) द्वारा आयोजित हैरिस शील्ड प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने की उपलब्धि हासिल की है।
अंजुमन-ए-इस्लाम की छात्राएं कराटे और बास्केटबॉल जैसे खेलों में भी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। संस्था के अध्यक्ष और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. जहीर काजी ने कहा कि संस्था अपनी छात्राओं को क्रिकेट में भी आगे बढ़ने के अवसर से महरूम नहीं रखना चाहती।
150 साल से अधिक पुरानी संस्था में महिला क्रिकेट टीम का गठन न केवल खेल के क्षेत्र में एक नई शुरुआत है, बल्कि यह बदलती सामाजिक सोच और लड़कियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण संदेश है।














