तालीम, तहज़ीब और तरबियत के संगम में विद्यार्थियों ने बिखेरे हुनर के रंग
लखनऊ। ASMA ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस की ओर से गोमती नगर स्थित उर्दू अकादमी ऑडिटोरियम में एजुकेशनल एंड कल्चरल प्रोग्राम का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तालीम, तहज़ीब और तरबियत के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रभावशाली मुज़ाहिरा किया। विभिन्न प्रस्तुतियों ने उपस्थित मेहमानों का दिल जीत लिया।

कार्यक्रम का आगाज़ संस्थान के प्रबंधक एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने नात-ए-पाक, तकरीर, डिबेट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मोहम्मद ने नात-ए-पाक पेश की, जबकि अरीबा ग्रुप ने खुशआमदीद कार्यक्रम प्रस्तुत कर मेहमानों का इस्तकबाल किया। हाजरा और शिफा ने माता-पिता के महत्व पर प्रभावशाली डिबेट प्रस्तुत की। फातिमा नसीम ने ‘उस्ताद का मकाम’ विषय पर अपनी तकरीर के माध्यम से गुरु और शिक्षक के सम्मान को रेखांकित किया। वहीं आयशा नौशाद और लवीज़ा इरशाद ने ‘तराना-ए-असमा’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम में जोश और उत्साह का माहौल पैदा कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हज़रत मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने अपने संबोधन में कहा कि तालीम के साथ-साथ बच्चों की तरबियत, अखलाक और नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान देना बेहद ज़रूरी है। विद्यार्थियों में ऐसा जज़्बा पैदा किया जाना चाहिए कि वे अपनी शिक्षा और काबिलियत के माध्यम से मुल्क, समाज और पूरी इंसानियत की खिदमत कर सकें।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता आदरणीय चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। खासतौर पर शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में तालीम की अहम भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका शानदार प्रदर्शन संस्थान में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने ASMA Group of Institutions द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी प्रशंसा की।
इरा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. अब्बास अली मेहदी ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने की नसीहत देते हुए कहा कि मौजूदा नकारात्मक माहौल में सकारात्मक दृष्टिकोण ही बेहतर भविष्य की बुनियाद बन सकता है। कोई भी काम तब तक मुश्किल नहीं होता, जब तक हम उसे मुश्किल नहीं मान लेते। विद्यार्थियों को कभी मायूस नहीं होना चाहिए, बल्कि तमाम मुश्किलों और चुनौतियों का सामना करते हुए अपने मकसद की ओर लगातार आगे बढ़ते रहना चाहिए।

डॉ. तारिक सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि इल्म को किसी एक दायरे या खांचे में सीमित करके नहीं देखना चाहिए। इंसान को हर तरह का ज्ञान हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए। दीनी और दुनियावी तालीम को एक-दूसरे से अलग मानने के बजाय दोनों को बेहतर इंसान और बेहतर समाज की तामीर का अहम आधार समझना चाहिए।
असमा इंटर कॉलेज के संस्थापक डॉ. अब्दुल वहीद कासमी ने अध्यक्षीय संबोधन में कुरआन-ए-करीम के हवाले से शिक्षा के तीन बुनियादी उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तालीम का असल मकसद इंसान को अपने रब की पहचान कराना, उसे खुद अपनी पहचान और क्षमता से रूबरू कराना तथा इस कायनात की वास्तविकताओं को समझने के काबिल बनाना है।
अल-फारूक अकादमी के निदेशक डॉ. फखरुद्दीन वहीद कासमी ने दीनी और आधुनिक, दोनों प्रकार की शिक्षा पर समान रूप से तवज्जो देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अल-फारूक अकादमी शुरू से ही इसी मिशन के साथ काम कर रही है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण रखना चाहिए और यह तय करना चाहिए कि उन्हें क्या हासिल करना है, कितना हासिल करना है और किस समय-सीमा में अपने मकसद तक पहुंचना है।
कार्यक्रम को डॉ. अनीस अंसारी (IAS), डॉ. सुधा मिश्रा, शाहाना सिद्दीकी, डॉ. शाहनवाज (ग्रैविटी कोचिंग) एवं महमूद आलम ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने शिक्षा, नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बेहतर समाज की बुनियाद बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मसीहुद्दीन ने किया, जबकि अंत में हम्माम वहीद ने सभी मेहमानों, अतिथियों और उपस्थित लोगों का शुक्रिया अदा किया।

इस अवसर पर डॉ. अम्मार अनीस नगरामी, जनाब वसीम हैदर, अरशद आजमी, मोहम्मद खालिद, अम्मार वहीद, संजय शर्मा, ब्रजेंद्र सिंह, सचिन रावत, अंशु अवस्थी, उमाशंकर पाण्डेय, एडवोकेट आशीष आनंद, एडवोकेट पंकज यादव, एडवोकेट अजीम अहमद, हुस्न आरा, फातिमा तनवीर, एडवोकेट विदुषी बाजपेयी, शादाब कुरैशी, तौकीर आलम, अख्तर मलिक, मसूद अहमद, शमशुल हसन उमरा, रेहान गनी, शान हैदर, एडवोकेट सलमान जिया, जुबैर अहमद, नावेद नकवी, सलमान कादिर, डॉ. इरफान अली हसन, काशिफ सिद्दीकी, मौलाना शाहनवाज, मौलाना मालिक, अजीब वहीद, नय्यर उल इस्लाम सहित शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियां और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने इस संदेश को मजबूती से सामने रखा कि तालीम केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसान की शख्सियत संवारने, उसके किरदार को मजबूत बनाने और समाज को बेहतर दिशा देने का सबसे अहम ज़रिया है।















