10 टीमों के 80 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; प्रथम वारियर्स दूसरे और ग्रीन ग्लैडिएटर्स तीसरे स्थान पर रहीं
लखनऊ, 16 नवंबर। द पाल्म्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब, लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय स्कायोम पाल्म्स गोल्फ टीम चैंपियनशिप (स्कायोम पीजीटीसी-2026) का दूसरा संस्करण रोमांचक मुकाबलों और शानदार खेल प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ। 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में 10 टीमों के कुल 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद आरएवी स्पार्टन्स ने 527.8 के कुल स्कोर के साथ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में प्रथम वारियर्स 533.5 के स्कोर के साथ उपविजेता रही, जबकि ग्रीन ग्लैडिएटर्स ने 538.2 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
स्कायोम इस चैंपियनशिप का टाइटल पार्टनर रहा, जबकि आयोजन का प्रबंधन अमन टंडन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट (एटीएसएम) ने किया। प्रतियोगिता में दो अलग-अलग प्रारूपों के माध्यम से खिलाड़ियों के व्यक्तिगत कौशल के साथ उनकी टीम भावना और सामूहिक प्रदर्शन की भी परीक्षा हुई।
दो प्रारूपों में हुए मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों ने डबल पियोरिया स्ट्रोकप्ले प्रारूप में हिस्सा लिया। इस प्रारूप में टीम का स्कोर ओपन कैटेगरी के सर्वश्रेष्ठ पांच खिलाड़ियों तथा लेडीज, वेटरन्स और जूनियर्स श्रेणियों के एक-एक सर्वश्रेष्ठ स्कोर को मिलाकर निर्धारित किया गया।
दूसरे दिन फोर-बॉल स्क्रैम्बल प्रारूप में मुकाबले आयोजित हुए। दोनों दिनों के प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम रैंकिंग तय की गई।
अंतिम टीम परिणाम
1. आरएवी स्पार्टन्स – 527.8
2. प्रथम वारियर्स – 533.5
3. ग्रीन ग्लैडिएटर्स – 538.2
4. फेयरवे टाइगर्स – 541.4
5. एसएस स्ट्राइकर्स – 548.0
6. केएमसी महाराजा – 548.6
7. बर्डी ट्रोजन्स – 558.3
8. ब्लू टिक – 569.5
9. नीलेन्द्रा वारियर्स – 573.5
10. गोल्फर्स लेगेसी – 578.6
जोहेब सिद्दीकी और शिखर-हार्दिक ने जीते व्यक्तिगत पुरस्कार
चैंपियनशिप के दौरान व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन ओपन कैटेगरी में जोहेब सिद्दीकी ने 73 के स्कोर के साथ बेस्ट ग्रॉस का पुरस्कार हासिल किया। वेटरन्स श्रेणी में वी.के. श्रीवास्तव 35 के स्कोर के साथ सर्वश्रेष्ठ रहे।
दूसरे दिन ओपन कैटेगरी में शिखर श्रीवास्तव और हार्दिक सिंह की जोड़ी ने 64 के स्कोर के साथ बेस्ट ग्रॉस का पुरस्कार जीता। वहीं, वेटरन्स श्रेणी में वी.के. श्रीवास्तव और अनूप कुमार की जोड़ी ने 31 के स्कोर के साथ बाजी मारी।
विशेष पुरस्कारों में पहले दिन कर्नल मनोज सचान को स्ट्रेटेस्ट ड्राइव और अरविंद कुमार को क्लोजेस्ट टू द पिन का पुरस्कार मिला। दूसरे दिन स्ट्रेटेस्ट ड्राइव का सम्मान शिवा सागर सिंह को, जबकि क्लोजेस्ट टू द पिन का पुरस्कार अचल भसीन को प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए गणमान्य अतिथि
पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम के पूर्व प्रबंध निदेशक राकेश सिंह, स्कायोम के प्रबंध निदेशक आकाश सिंह तथा एम3एम के प्रदीप राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक राम नाथ सिंह विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में योगदान देने वाले मनजीत तलवार, रणजीत सिंह, एस.के. सिंह, वी.के. श्रीवास्तव तथा राम मिलन और उनकी टीम के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
कई संस्थाओं ने दिया सहयोग
स्कायोम पीजीटीसी-2026 के आयोजन में विभिन्न संस्थाओं और प्रायोजकों ने सहयोग किया। स्कायोम टाइटल पार्टनर रहा, जबकि एम3एम और रियल्टी असिस्टेंट पावर्ड बाय पार्टनर के रूप में जुड़े।
अन्य सहयोगियों में ब्लू टिक (अपैरल पार्टनर), माइलस्टोन इवेंट्स (इवेंट पार्टनर), के न्यूज इंडिया (मीडिया पार्टनर), दैनिक भास्कर (प्रिंट मीडिया पार्टनर), दुर्गा इंजीनियरिंग वर्क्स और नीलेन्द्राज कंस्ट्रक्शंस (इंजीनियरिंग पार्टनर्स), पीटीसी इंडस्ट्रीज (मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर), बैचेज एंड ब्लेंड्स और इवान विलियम्स बॉर्बन (बेवरेज पार्टनर्स) तथा यूनियन बैंक (बैंकिंग पार्टनर) शामिल रहे।
अगले वर्ष और बड़े आयोजन की तैयारी
चैंपियनशिप के सफल आयोजन पर एटीएसएम के अमन टंडन ने द पाल्म्स गोल्फ एंड कंट्री क्लब के प्रबंधन, समिति के सदस्यों, अतिथियों, प्रायोजकों और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पीजीटीसी की परिकल्पना एक ऐसे समावेशी खेल मंच के निर्माण की है, जहां विभिन्न वर्गों के गोल्फ खिलाड़ी एक साथ आ सकें और गोल्फ समुदाय को मजबूत बनाने के साथ खेल संस्कृति को भी प्रोत्साहन मिले।
दो दिवसीय प्रतियोगिता ने प्रतिस्पर्धा के साथ टीम भावना, आपसी सौहार्द और खेल भावना का भी परिचय दिया। दूसरे संस्करण की सफलता के बाद आयोजकों ने अगले वर्ष इससे भी बड़े और बेहतर आयोजन की उम्मीद जताई।














