इटावा/लखनऊ— उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए ऐलान किया है कि वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी मिलकर लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां गठबंधन कर प्रदेश में सरकार बनाने का काम भी करेंगी।
अजय राय इटावा जनपद के बसरेहर ब्लॉक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे थे, जहां उन्होंने पंचायत और विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति साझा की। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस पार्टी 2026 में होने वाले पंचायत चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और इसमें जीतने वाले प्रत्याशियों को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट देने पर प्राथमिकता दी जाएगी।

फाइल फोटो : 7 जून 2024
राय ने कहा, “यह चुनाव पूरी तरह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का चुनाव है और संगठन इसे बेहद गंभीरता से ले रहा है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस पार्टी की सदस्यता अभियान को प्रदेशभर में ज़बरदस्त समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता से जुड़ रहा है और पार्टी की विचारधारा को मजबूत कर रहा है। अजय राय के इस बयान को 2027 की चुनावी बिसात पर एक अहम कदम माना जा रहा है, जहां विपक्ष की एकजुटता भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ एक बड़ा मोर्चा बन सकती है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह गठबंधन तयशुदा रणनीति के तहत आगे बढ़ता है, तो 2027 का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा हो सकता है।
पंजाब केसरी में प्रकाशित समाचार पर आधारित पोस्ट















