लखनऊ। अवध की तहज़ीब, संस्कृति और शानदार विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से ‘हेरिटेज ऑफ अवध’ द्वारा राजधानी लखनऊ में एक विचार-परिचर्चा का आयोजन किया गया। शहर की कई सम्मानित हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा में चार चाँद लगा दिए।
परिचर्चा में बोलते हुए मशहूर इतिहासकार रोशन त़क़ी ने कहा कि आज के दौर में गंगा-जमुनी तहज़ीब को ज़िंदा रखने की कोशिश और भी आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि अंग्रेज़ों ने लखनऊ के इतिहास को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया और नवाबों को नाकारा एवं अय्याश बताने की ग़लत धारणा फैलाई। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि ऐसी भ्रांतियों का खंडन करते हुए सही इतिहास को लोगों तक पहुँचाना समय की मांग है।
लखनऊ के खानदान-ए-नवाब में शुमार मसूद अब्दुल्ला ने अवध के व्यंजनों और खानपान की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। वहीं, इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने कहा कि जो विरासत हमें मालूम है, उसे नई पीढ़ी तक पहुँचाना हर व्यक्ति की ज़िम्मेदारी है, ताकि हमारी तहज़ीब आगे भी संरक्षित रह सके।
कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए रिटायर्ड जज बी.डी. नक़वी ने कहा कि अवध की विरासत केवल भवनों या इतिहास की पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी रोज़मर्रा की जिंदगी, हमारी बोलचाल, पहनावे, भोजन और आपसी मोहब्बत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ते हैं और लोगों में अपनी तहज़ीब के प्रति गर्व की भावना जागृत करते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री इंसराम अली, पूर्व मंत्री मोईद अहमद, पूर्व मंत्री अब्दुल मन्नान, सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व समाजसेवी डॉ. अज़ीज़ खान, बसपा लखनऊ नगर अध्यक्ष शान खान, समाजसेवी अरशद आज़मी, फिल्ममेकर तारिक़ खान, डॉ. नफ़ीस अहमद, डॉ. एम.ए. खान, डॉ. मुबश्शिर, बिज़नेसमैन एवं समाजसेवी शेख़ तारिक़ खान, मेराज हैदर, हिलाल नक़वी, नावेद अहमद, आसिफ खान, कमाल खान, रियाज़ अल्वी, शराफ़त अली, मो. अनीस, फ़ज़ील अहमद सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत की और अपने विचार साझा किए।
अंत में हेरिटेज ऑफ अवध ट्रस्ट की ओर से यह संदेश दिया गया कि जिसका इतिहास समृद्ध होता है, उसका भविष्य भी प्रकाशमान होता है। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि आगे भी ऐसे कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा, जो अवध की अनूठी संस्कृति और पहचान को राष्ट्रीय ही नहीं, वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन मुजतबा खान ने किया और सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।















