लखनऊ, 13 जुलाई 2025:
बीते शनिवार, 12 जुलाई को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से ‘मुस्लिम संवाद (समस्या एवं समाधान)’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आज़ाद थे।

यह आयोजन उत्तर प्रदेश में किसी राजनीतिक दल द्वारा मुस्लिम समाज के आर्थिक, सामाजिक और पेशेगत मुद्दों पर केंद्रित अपनी तरह का पहला प्रयास था। प्रदेशभर से मुस्लिम समाज के पेशेवर, मेहनतकश, कारीगर, कामगार और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में इस संवाद में शामिल हुए और कार्यक्रम को उल्लेखनीय सफलता प्रदान की।

मुख्य अतिथि चंद्रशेखर आज़ाद ने अपने संबोधन में कहा कि, “यह केवल संवाद नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक-राजनीतिक आंदोलन की शुरुआत है।” उन्होंने मुस्लिम समाज से आज़ाद समाज पार्टी से जुड़ने की अपील की और कहा कि अल्पसंख्यकों की धार्मिक स्वतंत्रता पर हमले बढ़ रहे हैं। उन्होंने वक्फ संपत्ति पर हो रहे हमलों का जिक्र करते हुए चेताया कि, “यह शुरुआत है, आगे अन्य धर्मों की बारी आएगी।”

चंद्रशेखर ने लखनऊ की सामाजिक विडंबनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा, “कहा जाता है मुस्कुराइए, आप लखनऊ में हैं, लेकिन आज यहां मुस्कुराने की नहीं, रोने की भी हालत नहीं है।” उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पार्टी के आगामी चुनावी घोषणा पत्र में मुस्लिम समाज की समस्याओं, खासकर वक्फ मुद्दे को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी
चुनावों में “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसे उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत पर टिकट वितरण की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा तक यह फॉर्मूला लागू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम सम्मेलन के बाद दलित और पिछड़े वर्गों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. मोहम्मद आकिब ने आए हुए मेहमानों और समाज के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज के वास्तविक मुद्दों को उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक-सियासी बदलाव की कुंजी बताते हुए लोगों से इसे प्राथमिकता देने की अपील की। डॉ आकिब ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि, “उनकी दूरदर्शिता और मार्गदर्शन ने हमें नई सोच और हौसला दिया है।”

कार्यक्रम को न्यायमूर्ति बी.डी. नकवी, प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, बिहार प्रदेश अध्यक्ष जौहर आज़ाद, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष काशिफ़ रज़ा, सुल्तान अहमद, एहसान कुरैशी, गुलज़ार अहमद समेत कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। संचालन श्री सौरभ किशोर ने किया।
यह संवाद कार्यक्रम न सिर्फ मुस्लिम समाज की आवाज़ को बुलंद करने की दिशा में एक नया प्रयास है, बल्कि एक समावेशी और समान भागीदारी वाले भारत की ओर बढ़ता हुआ कदम भी प्रतीत होता है।















